अमृतसर में कानून व्यवस्था मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अमृतसर पुलिस ने बुधवार रात विशेष नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। पुलिस आयुक्त हरमनबीर सिंह गिल के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत शहरभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई। अभियान के दौरान पुलिस उपायुक्तों सहित सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और राजपत्रित अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में रात के समय तैनात पुलिस बल की निगरानी की। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।