शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पार्टी प्रवक्ता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने एसजीपीसी चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और लोकतांत्रिक बताते हुए विपक्षी दलों से सदन में आकर अपनी मांगें और आपत्तियां रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान, पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव हर साल सिख गुरुद्वारा अधिनियम के तहत होता है। यह प्रक्रिया श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में पूरी पारदर्शिता से हो रही है। विपक्ष की ओर से चुनाव के बहिष्कार पर उन्होंने कहा कि पंथ और सिख संस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर सदन के भीतर चर्चा होनी चाहिए। सरकारी दखल के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को मतदाता सूचियां और चुनाव संबंधी तैयारियां समय पर पूरी करनी चाहिए। लिफाफा कल्चर के आरोपों को भी उन्होंने निराधार बताया। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से गठबंधन के सवाल पर चीमा ने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी प्रधान को सौंपा गया है। फैसला होने पर इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने, वाघा सीमा से व्यापार शुरू करने और श्रद्धालुओं के लिए वीजा ऑन अराइवल की सुविधा देने की मांग भी उठाई।