अमृतसर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्टेशन के मुख्य गेट की तरफ थाना प्रभारी शाम सुंदर और गोल बाग साइड की सुरक्षा व्यवस्था जसविंदर सिंह की निगरानी में है, लेकिन इसके बावजूद दोनों प्रवेश द्वारों पर यात्रियों की जांच के लिए सुरक्षाकर्मी नजर नहीं आ रहे। जबकि जीआरपी और आरपीएफ की ड्यूटी यात्रियों की सुरक्षा और जांच के लिए लगाई गई है। यात्रियों का आरोप है कि सुरक्षा जांच के नाम पर दिन में केवल एक बार प्लेटफार्म नंबर एक की चेकिंग कर खानापूर्ति की जा रही है। दोनों तरफ आने-जाने वाले यात्रियों और उनके सामान की नियमित जांच नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्री रमेश शर्मा और गुरप्रीत सिंह ने बताया कि ड्यूटी होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी नजर नहीं आती। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।