अमृतसर देहाती के थाना ब्यास के अंतर्गत गांव गाजीवाल में जमीन विवाद को लेकर अंधाधुंध फायरिंग करने का मामला सामने आया है। खेत में ट्रैक्टर से जमीन जोत रहे दो लोगों पर गोलियां चलाई गईं। इसमें मनजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि दविंदर सिंह घायल हो गया। पुलिस ने मामले में हिस्ट्रीशीटर युद्धवीर उर्फ योद्धा, उसकी पत्नी जसकिरन कौर और 16 वर्षीय बेटे अभिनूर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार अवैध हथियार और 26 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। एसएसपी अमृतसर देहाती कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि वारदात दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। मनजीत सिंह और दविंदर सिंह खेत में ट्रैक्टर से जमीन जोत रहे थे। इसी दौरान उनका रिश्तेदार युद्धवीर उर्फ योद्धा अपनी पत्नी और बेटे के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत होने से पहले ही आरोपियों ने अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोली लगने से मनजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। वहीं, लंगड़वाल निवासी दविंदर सिंह पुत्र वसन सिंह भी गोली लगने से घायल हो गया। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।