पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर पुलिस और प्रशासन ने कथित नशा तस्कर दंपती के अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, प्रीति और उसके पति मलकीत सिंह के खिलाफ नशा तस्करी समेत विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों फिलहाल जेल में बंद हैं। डीसीपी रविंदरपाल सिंह ने बताया कि प्रीति के खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मामले दर्ज हैं, जबकि उसके पति मलकीत सिंह के खिलाफ कुल आठ मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, मलकीत सिंह दो मामलों में सजा भी काट चुका है। संबंधित संपत्ति की कीमत करीब 40 से 50 लाख रुपये बताई जा रही है। डीसीपी ने बताया कि नगर निगम की ओर से करीब एक महीने पहले संबंधित संपत्ति और निर्माण को लेकर नोटिस जारी किए गए थे। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक अमृतसर में नशे से संबंधित 1,638 मामले दर्ज किए गए हैं और 2,615 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस दौरान करीब 155 किलोग्राम हेरोइन बरामद करने का दावा भी किया। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी और इससे जुड़ी अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।