पंजाब सरकार के अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के तहत अमृतसर में नशों के खिलाफ जागरूकता फैलाने और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए विशाल साइकिल रैली निकाली गई। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल के निर्देशों और डीसीपी ऑपरेशन जुगराज सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली में करीब 120 साइकिल सवारों ने हिस्सा लिया। इनमें लगभग 80 एसपीसी (स्टूडेंट पुलिस कैडेट) विद्यार्थी शामिल थे। रैली का उद्देश्य युवाओं को नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें खेलों व शारीरिक व्यायाम के लिए प्रेरित करना था। रैली गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के पिछले गेट से शुरू होकर माहल बाईपास के रास्ते इंडिया गेट तक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण और नशों से दूर रहने का संदेश दिया।