श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह यात्रियों ने फ्लाइट में करीब 18 घंटे की देरी को लेकर जमकर हंगामा किया। लंबे समय तक इंतजार करने से नाराज यात्रियों ने टिकट काउंटर पर पहुंचकर एयरलाइन कर्मचारियों के साथ बहस की और जल्द उड़ान रवाना करने की मांग की। इस दौरान एक महिला यात्री अपने छोटे बच्चे के साथ एयरपोर्ट पर परेशान दिखाई दी। महिला ने कहा कि फ्लाइट लगातार लेट हो रही है और लंबे इंतजार के कारण बच्चे की देखभाल करना मुश्किल हो गया है। उसने सवाल उठाया कि आखिर इतनी देरी के दौरान वह बच्चे को कहां लेकर जाए और कैसे संभाले। वहीं, एक युवक ने बताया कि फ्लाइट में देरी के कारण उसकी नौकरी पर भी संकट खड़ा हो गया है। उसे समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना था, लेकिन लगातार देरी के चलते उसकी परेशानी बढ़ गई। यात्रियों का आरोप है कि उन्हें फ्लाइट की देरी को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी। टिकट काउंटर पर यात्रियों और कर्मचारियों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। एयरपोर्ट पर मौजूद अन्य यात्रियों ने भी फ्लाइट में भारी देरी को लेकर नाराजगी जताई।