फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीहोर: आधी रात जूते-चप्पल की दुकान में लगी भीषण आग, तीन घंटे की मशक्कत के बाद काबू, लाखों के नुकसान की आशंका

Sat, 03 Oct 2026 08:43 AM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

सीहोर में मंडी चौराहा शुक्रवार आधी रात अचानक आग की लपटों से घिर गया। एनके एंटरप्राइजेज की दो मंजिला जूते-चप्पलों की थोक दुकान में रात करीब 11 बजे अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। करीब 11:30 बजे मंडी चौराहा, मस्जिद मोहल्ले और आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं निकलते देखा तो तत्काल सूचना दी। करीब 12 बजे फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची लेकिन दुकान का शटर बंद होने के कारण आग तक सीधे पहुंचना चुनौती बन गया। बंद शटर के पीछे जूते-चप्पलों का भारी स्टॉक धधकता रहा और आग लगातार विकराल होती गई।

बंद शटर से बढ़ी परेशानी
फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने के बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया लेकिन दुकान संचालक मौजूद नहीं होने और शटर बंद रहने के कारण राहत कार्य में अड़चन आई। आग अंदर तेजी से फैल रही थी। स्थिति को देखते हुए फायरकर्मियों ने शटर तोड़कर भीतर पहुंचने की कार्रवाई की। शटर खुलने के बाद भी अंदर का तापमान और धुआं इतना अधिक था कि आग बुझाने में लगातार मशक्कत करनी पड़ी।

स्टॉक ने भड़काईं लपटें
एनके एंटरप्राइजेज में नितिन साहू और शैलेंद्र शिवहरे जूते-चप्पलों का थोक कारोबार करते हैं। बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले ही दुकान में बड़ी मात्रा में नया स्टॉक भरा गया था। नीचे के तल के साथ दूसरी मंजिल पर भी काफी माल रखा हुआ था। यही भारी स्टॉक आग बुझाने के बाद भी दोबारा लपटों के रूप में सामने आता रहा। दमकलकर्मियों द्वारा बार-बार आग नियंत्रित करने के बावजूद  अंदर सुलग रहा सामान फिर से भभक रहा था। इस कारण फायरकर्मियों को बार-बार अलग-अलग हिस्सों में पानी की बौछार करनी पड़ी।

आठ दमकलों समेत गेल इंडिया की गाड़ी मैदान में
आग इतनी विकराल थी कि दो फायर ब्रिगेड को मौके पर लगाया गया। दमकल वाहनों का पानी खत्म होने के बाद उन्हें दोबारा पानी भरने भेजा जाता रहा। इस तरह दोनों दमकलों ने आठ राउंड लगाए। दोनों दमकलों का एक साथ पानी खत्म होने पर एक टैंकर भी पानी लेकर मौके पर पहुंचा। गेल इंडिया की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल ने भी आग बुझाने के अभियान में सहयोग किया। करीब तीन घंटे तक लगातार चले प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

ये भी पढ़ें: जबलपुर: सिहोरा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, कार और बाइक में भिड़ंत में दो बुजुर्गों की मौत

इस दौरान करीब रात 1:30 बजे दुकान के पीछे की तरफ भी आग भड़कने लगी। इससे आसपास के दुकानदारों और रिहायशी भवनों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। मंडी क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। हर किसी की नजर इस बात पर थी कि कहीं आग आसपास की दुकानों और मकानों को अपनी चपेट में न ले ले।

हार्डवेयर दुकान पर भी मंडराया खतरा
एनके एंटरप्राइजेज से लगी अग्रवाल हार्डवेयर की दुकान की दीवार साझा होने के कारण खतरा और बढ़ गया। आग की सूचना मिलते ही संचालक दीपक अग्रवाल व परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए उन्होंने रात में ही दुकान का सामान बाहर निकलवाना शुरू कर दिया। पाइप और अन्य हार्डवेयर सामग्री को आनन-फानन में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, ताकि आग फैलने की स्थिति में नुकसान कम किया जा सके। दुकान  से लगी बिल्डिंग में रहने वाले सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि आग तेजी से फैल रही थी। करीब 1:30 बजे दूसरी मंजिल के ऊपरी हिस्से और पीछे की तरफ आग भड़कने लगी। खतरा बढ़ता देख ऊपर की पानी की टंकी से भी आग वाले हिस्से की ओर पानी का छिड़काव किया गया। आग शांत होने के बाद आसपास रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली।

बागेश्वर धाम गए थे दोनों संचालक
आग लगने के समय दुकान संचालक नितिन साहू और शैलेंद्र शिवहरे सीहोर में मौजूद नहीं थे। शैलेंद्र शिवहरे के भाई राजेश शिवहरे ने बताया कि दोनों शुक्रवार को ही बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गए थे। दुकान में आग की सूचना मिलते ही दोनों ने अपनी यात्रा बीच में रोक दी और सीहोर के लिए वापस रवाना हो गए। शैलेंद्र शिवहरे के पिता राधेश्याम शिवहरे का करीब एक माह पहले 6 सितंबर को निधन हुआ था। परिवार अभी इस दुख से उबरने की कोशिश ही कर रहा था कि आगजनी की इस घटना ने फिर बड़ा झटका दे दिया। दुकान में बड़ी मात्रा में स्टॉक होने के कारण परिवार को आर्थिक नुकसान भी काफी अधिक होने की आशंका है।

सीएसपी और थाना प्रभारी ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा और मंडी थाना प्रभारी अर्चना चौहान मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने आग बुझाने के अभियान की निगरानी की और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ बढ़ने के कारण पुलिस को भी स्थिति पर नजर रखनी पड़ी।

इसी बीच आग की सूचना पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर और वार्ड 23 के पार्षद प्रतिनिधि दिलीप राठौर भी मौके पर पहुंचे। दोनों ने मौके की स्थिति देखी और आग बुझाने के लिए चल रहे प्रयासों की जानकारी ली। इस दौरान आसपास के दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंतित नजर आए। करीब तीन घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग में दुकान में रखा बड़ी मात्रा में जूते-चप्पलों का स्टॉक जलने की बात सामने आई है। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन दुकान संचालकों और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें