रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मऊगंज जिले के रकरी गांव में आयोजित गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के दौरान किसानों को लेकर दिए गए बयान ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने कहा कि किसान साल में तीन महीने मेहनत करता है, जबकि बाकी नौ महीने ताश की पत्ती, राजश्री, बोतल, चोगी और 'जय भोले' में बिताता है। सांसद के इस कथन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
ये भी पढ़ें: उज्जैन: महामंडलेश्वर इंद्रदेव महाराज पर दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के आरोप, महिला की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज
सांसद के इस बयान को लेकर सवाल उठने लगे हैं कि क्या किसानों की मेहनत को इस नजरिए से देखना उचित है? खेती-किसानी केवल खेत में फसल बोने और काटने तक सीमित नहीं होती। किसान को सालभर मौसम, खाद, बीज, सिंचाई, कर्ज और बाजार की चुनौतियों से जूझना पड़ता है।
वहीं सोशल मीडिया पर कुछ लोग सांसद के बयान को लेकर आपत्ति जता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे उनके बोलने का अंदाज और ग्रामीण जीवन पर की गई टिप्पणी मान रहे हैं। फिलहाल सांसद का यह बयान चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि इस बयान पर सांसद की ओर से कोई सफाई या स्पष्टीकरण सामने आता है या नहीं।