दो दिन पहले रतलाम रेलवे स्टेशन के समीप बकरा पुल के पास युवती का शव मिलने का मामला हत्या का निकला। मृतक की पहचान राजस्थान के बांसवाड़ा जिले का एक छात्रा के रूप में हुई है। वह और उसका प्रेमी घर से भागकर रतलाम आए थे और यहां किसी बात को लेकर प्रेमी ने गला घोंटकर छात्रा की हत्या कर दी और यूपी भाग गया। बांसवाड़ा पुलिस ने खोजबीन कर आरोपी प्रेमी को हिरासत में लिया और रतलाम लेकर आई। इसके बाद उसे घटना स्थल ले जाया गया। स्थानीय पुलिस अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद बांसवाड़ा पुलिस उसे अपने साथ ले गई।
पुलिस के अनुसार बांसवाड़ा के एक गांव में रहने वाली बीए की 20 वर्षीय छात्रा 9 अक्टूबर को घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी लेकिन छुट्टी होने के काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान परिजन को गांव में मिठाई कारखाने में काम करने वाले आरोपी 22 वर्षीय विकास यादव पर शंका हुई। जिसके बाद परिजनों ने शक जाहिर करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
बांसवाड़ा पुलिस छात्रा की तलाश कर ही रही थी कि 10 अक्टूबर को रतलाम जीआरपी (रेलवे पुलिस) को बकरापुल के पास नाले में एक युवती का शव पड़ा होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया था। घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर एक बैग भी मिला था, जिसमें कापी-किताबे थी लेकिन युवती की पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं होन से शव की पहचान नहीं हो पाई थी।
ये भी पढ़ें: तांबा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: दो करोड़ रुपये के तांबे स्क्रैप से भरे पांच वाहनों के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
फोटो भेजने पर हुई पहचान
युवती का शव मिलने के बाद जीआरपी ने रतलाम और आसपास के थानों को उसके फोटो भेजे थे। इसके बाद भी उसकी पहचान नहीं हुई। इसी बीच जिले की सीमा से लगे बांसवाड़ा की पुलिस को भी फोटो भेजे गए, जहां पुलिस ने उसकी पहचान की। इसके बाद 12 अक्टूबर को बांसवाड़ा पुलिस व छात्रा के परिजन रतलाम पहुंचे, जहां स्थानीय रेलवे पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव छात्रा के परिजनों को सौंप दिया।
आरोपी विकास यादव मूल रूप से यूपी के प्रयागराज जिले के ग्राम बिजलपुर का रहने वाला है। वह कुछ समय पहले छात्रा के गांव में स्थित एक मिठाई कारखाने में काम करता था। तभी छात्रा से उसकी दोस्ती हो गई थी और वह छात्रा से प्रेम करने लगा था। कुछ समय बाद विकास दूसरे गांव में काम करने चला गया लेकिन वह छात्रा के गांव आता-जाता रहता था और छात्रा से मिलता था।
बांसवाड़ा पुलिस ने उसकी तलाश में प्रयागराज स्थित उसके गांव भी गई थी लेकिन वह वहां नहीं मिला था। बाद में पुलिस ने उसे किसी अन्य स्थान से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह छात्रा को लेकर 9 अक्टूबर को रतलाम आया था और दोनों रतलाम रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में ठहरे थे। वह छात्रा को लेकर अपने गांव जाना चाहता था। रात करीब 12 बजे वे होटल से निकलकर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, जहां उसका छात्रा से विवाद हो गया। इसके बाद वह उसे बकरा पुल के पास ले गया था और वहां गला दबाकर छात्रा की हत्या कर दी और शव को पास के नाले में फेंककर प्रयागराज चला गया।
बांसवाड़ा पुलिस रतलाम लेकर पहुंची
बांसवाड़ा पुलिस की टीम मंगलवार को आरोपी विकास यादव को लेकर रतलाम पहुंची और जीआरपी थाने ले जाकर पूरी जानकारी ली। आरोपी को उक्त होटल भी ले जाया गया, जहां वह छात्रा के साथ ठहरा था। बांसवाड़ा पुलिस, जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार, एफएसएल अधिकारी डॉ अतुल मित्तल आदि ने होटल व घटना स्थल पहुंचकर जांच की। बहरहाल छात्रा की हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या का वास्तविक कारण पता चल पाएगा।