फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमपी: मुरैना में स्कॉर्पियो के अंदर मिला युवक का शव, शरीर पर मारपीट के निशान; हत्या की आशंका

Wed, 07 Oct 2026 03:29 PM IST
मुरैना ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरैना

मुरैना जिले के बागचीनी थाना क्षेत्र में बांसी नहर की पुलिया पर लावारिस हालत में खड़ी स्कॉर्पियो के अंदर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। राहगीरों ने गाड़ी के अंदर शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बागचीनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान 40 वर्षीय धारा पचौरी, निवासी सांटा गांव के रूप में हुई है। घटनास्थल मृतक के गांव से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। युवक का शव स्कॉर्पियो के अंदर मिलने और उसके शरीर पर मारपीट के निशान पाए जाने से मामला संदिग्ध हो गया है। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मृतक के भाई का आरोप है कि युवक के साथ मारपीट की गई और उसके पास मौजूद मोबाइल फोन, घड़ी और रुपए भी गायब हैं। परिजनों ने मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। इसके चलते पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और आपराधिक गिरोह से जुड़े संभावित विवाद समेत कई एंगल से जांच कर रही है। हालांकि, फिलहाल पुलिस ने हत्या या गैंगवार की आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पढे़ं:  अनूपपुर में सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकराई बाइक, 22 वर्षीय युवक की मौत घटना के बाद पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक स्कॉर्पियो तक कैसे पहुंचा, उसके साथ कौन लोग थे और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले युवक किन लोगों के संपर्क में था और आखिरी बार उसे किसके साथ देखा गया था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें