फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झाबुआ: जिला पंचायत वार्ड-6 उपचुनाव के लिए मतदान जारी, 102 केंद्रों पर 60 हजार मतदाता कर रहे किस्मत का फैसला

Tue, 29 Sep 2026 01:54 PM IST
झाबुआ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, झाबुआ

जिला पंचायत वार्ड क्रमांक 6 के उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह मतदान शुरू हो गया। वार्ड क्षेत्र के 102 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह से ही कई केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही देखने को मिली। प्रशासन के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से जारी है। इस उपचुनाव में कुल 60 हजार 942 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं की है। मतदान के साथ ही चार प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला भी मतपेटियों में दर्ज हो रहा है।

वार्ड क्रमांक 6 के उपचुनाव में भाजपा ने धर्मेश सोलंकी, कांग्रेस ने दिनेश वसुनिया, आम आदमी पार्टी ने कमलेश सिंगाड और बीएपी ने रामू हटीला को मैदान में उतारा है। मतदान के दौरान प्रत्याशियों के समर्थक भी अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं से मतदान की अपील करते नजर आए। हालांकि मतदान केंद्रों पर किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है और प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रही है। भाजपा के धर्मेश सोलंकी को पार्टी ने वार्ड-6 से अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था।

सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: इंदौर : इंदौर के एमवाय अस्पताल की ओपीडी में घुसा सांप, खिड़की के पास बैठा रहा

झाबुआ एसडीएम महेश मंडलोई ने क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छायन सेमलखेड़ी के मतदान केंद्र क्रमांक 102 और 169, सनोड़, झांझरवा के दो मतदान केंद्र, खेड़ा अंधारवड़ के दो मतदान केंद्र, करवांदी और जूना गांव के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान दलों से मतदान की गति, मतदाताओं की उपस्थिति और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शांतिपूर्ण माहौल में मतदान जारी
एसडीएम महेश मंडलोई के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर स्थिति नियंत्रण में है और शांतिपूर्ण माहौल में मतदान कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि मतदाता बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। स्थानीय स्तर पर जिला पंचायत वार्ड-6 का यह उपचुनाव राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें