हनुमानताल थानान्तर्गत बाबा टोला क्षेत्र में शराब के नशे में दो दोस्तों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे पर धारदार हथियार व भारी वस्तु से हमला कर दिया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया।
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाष चंद्र बघेल के अनुसार बाबा टोला क्षेत्र निवासी सूरज चौधरी (23) का भूरी चौधरी नामक युवक दोस्त था। भूरा पहले बाबा टोला क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। वर्तमान में वह फकीर चंद्र अखाड़े के समीप रहने लगा था। रविवार को छुट्टी होने के कारण भूरा अपने दोस्त सूरज से मिलने आया था। दोनों ने साथ में बैठकर शराब का सेवन किया था। इस दौरान दोनों में किसी बात पर विवाद हो गया था। विवाह ने कुछ देर में हिंसक रूप धारण कर लिया। भूरा ने धारदार हथियार से सूरज पर हमला कर दिया। सूरज ने भी भारी वस्तु से भूरा पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से किए गए कई हमले के कारण सूरज की घटनास्थल पर मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलने पर शव को पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिवजा दिया।
ये भी पढ़ें- बाबा बागेश्वर: सोने की खड़ाऊं विवाद पर धीरेंद्र शास्त्री ने दिया अपने अंदाज में जवाब, बोले- मुझसे पंगा न लेना
पुलिस ने आरोपी भूरा के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी को गंभीर चोट आने के कारण उसे उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लिया है और उसके बयान दर्ज नहीं हुई है। घटना का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।