मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अस्पताल से निकलते ही ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में हंगामे की स्थिति बन गई। मीडिया से बातचीत कर रहे मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ पर मनोज शर्मा नाम के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि डीन डॉ. धाकड़ मुख्यमंत्री के अस्पताल दौरे के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मनोज शर्मा ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हमले के बाद आरोपी मनोज शर्मा ने ग्वालियर में भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर आरोप लगाए। आरोपी ने कहा, “ग्वालियर में भ्रष्टाचार कदम-कदम पर है, अब यह शहर काम करने लायक नहीं बचा।”
ये भी पढ़ें- ओंकारेश्वर में दो दिन बाजार पूरी तरह ठप: होटल-दुकानें बंद रहने से दर्शनार्थियों को हुई भारी परेशानी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मनोज शर्मा को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। हमला किस वजह से किया गया और आरोपी की डीन से पहले से कोई रंजिश थी या नहीं, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
यह घटना मुख्यमंत्री के अस्पताल दौरे के तुरंत बाद हुई, जिसके चलते अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है।फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।