फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमपी: बुरहानपुर में चाकू मारकर धनराज तायड़े की हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने गणपति थाने के सामने किया चक्काजाम

Thu, 08 Oct 2026 10:11 PM IST
बुरहानपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बुरहानपुर

बुरहानपुर शहर के गणपति थाना क्षेत्र में लोधीपुरा निवासी धनराज तायड़े की चाकू मारकर हत्या के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण गणपति थाने के सामने पहुंच गए और चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डैम पर नहाने को लेकर हुए विवाद के बाद रंजिश बढ़ी और इसी के चलते धनराज तायड़े पर चाकू से हमला किया गया। घटना में उसकी मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है, जबकि तीन लोगों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है।

थाने के सामने ग्रामीणों का प्रदर्शन
हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण गणपति थाने के सामने पहुंचे और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की। चक्काजाम की सूचना मिलते ही गणपति थाना पुलिस, लालबाग थाना पुलिस और सीएसपी विनोद कुशवाहा मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पढे़ं: इंदौर सेंट्रल जेल में बीमारी का प्रकोप, 30 कैदी पड़े बीमार; तीन में डेंगू और कुछ में टाइफाइड की पुष्टि

घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम की जांच
इधर हत्या की वारदात के स्थान पर पुलिस ने फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। गणपति थाना प्रभारी कमल सिंह पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचीं। टीम ने घटनास्थल से जमीन पर मिले खून के निशान सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

नामजद आरोपियों की तलाश जारी
नगर पुलिस अधीक्षक विनोद कुशवाह ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल पुलिस तीन लोगों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ कर रही है, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस हत्या के पीछे के विवाद, घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस जांच और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें