फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोपाल: न्यू मार्केट में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद भीषण आग, 6 दुकानें और 10 से ज्यादा रेहड़ियां जलीं; कैसे हालात?

Thu, 08 Oct 2026 09:19 PM IST
भोपाल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

राजधानी के सबसे व्यस्त बाजार न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर सिलेंडर ब्लास्ट के बाद भीषण आग भड़क गई। बालाजी छोले-भटूरे की दुकान से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते आसपास की दुकानों और रेहड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें करीब 25 फीट तक उठीं, जबकि धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। हादसे के समय बाजार में 50-60 लोग मौजूद थे। आग से बचने के लिए आम्रपाली रेस्टोरेंट के संचालक पवन अग्रवाल समेत तीन लोगों ने पहली मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने से तीनों को चोटें आई हैं। आधा दर्जन दुकानें और 10 से 12 रेहड़ियां जलीं
आग बालाजी छोले-भटूरे की दुकान से शुरू होकर आसपास की कुर्ता-पायजामा की दुकान, मोबाइल शॉप, चार मंजिला बर्तन की दुकान और रेडीमेड कपड़ों की दुकान तक पहुंच गई। करीब 10 से 12 रेहड़ियां भी आग की चपेट में आकर जल गईं। दुकानदारों के मुताबिक, दिवाली के लिए दुकानों में बड़ी मात्रा में स्टॉक भरा हुआ था, जो आग में जलकर खाक हो गया। एक दुकानदार ने करीब 75 लाख से एक करोड़ रुपये तक के नुकसान की बात कही है। भट्ठी से उठी चिंगारी, सिलेंडर ब्लास्ट के बाद विकराल हुई आग
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, सबसे पहले बालाजी छोले-भटूरे की दुकान की भट्ठी में आग लगी। इसके बाद सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकानदारों ने तत्काल नगर निगम को सूचना देकर दमकल बुलाने की कोशिश की। उनका आरोप है कि दमकल वाहन करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचा। तब तक आग आसपास की दुकानों तक फैल चुकी थी।

पढे़ं: इंदौर सेंट्रल जेल में बीमारी का प्रकोप, 30 कैदी पड़े बीमार; तीन में डेंगू और कुछ में टाइफाइड की पुष्टि अतिक्रमण और जाम के कारण दमकल को पहुंचने में हुई परेशानी
व्यापारियों का कहना है कि न्यू मार्केट चौराहे पर अतिक्रमण और मंदिर के सामने लगे जाम के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई। आग के बाद व्यापारियों ने महापौर और विधायक भगवानदास सबनानी के सामने बाजार में अवैध तरीके से लगने वाली दुकानों और अतिक्रमण को लेकर विरोध जताया। विधायक भगवानदास सबनानी ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि यह हादसा सबक है। उन्होंने जल्द न्यू मार्केट को अतिक्रमण मुक्त कराने की बात कही, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं के दौरान राहत और बचाव कार्य में परेशानी न हो। जान बचाने के लिए पहली मंजिल से कूदे तीन लोग
बालाजी छोले-भटूरे की दुकान के ऊपर ही आम्रपाली रेस्टोरेंट संचालित होता है। आग तेजी से फैलने के बाद रेस्टोरेंट में मौजूद संचालक पवन अग्रवाल और दो अन्य लोगों के सामने बाहर निकलने का रास्ता मुश्किल हो गया। जान बचाने के लिए तीनों पहली मंजिल से नीचे कूद गए। नीचे गिरने से उन्हें चोटें आईं। बालाजी छोले-भटूरे की दुकान खेड़ापति हनुमान मंदिर के ठीक पीछे स्थित है। दुकान और मंदिर के बीच बनी दीवार के कारण आग मंदिर तक नहीं पहुंच सकी। आग लगते ही दुकान में मौजूद लोग बाहर निकल आए और देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। तीन घंटे में बुझी आग, दीवार भी तोड़नी पड़ी
आग पर काबू पाने के लिए 15 से ज्यादा फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया। आग बुझाने के लिए एक दुकान की दीवार तक तोड़नी पड़ी। आग पर काबू पाने के बाद दमकलकर्मी दुकानों के अंदर और आसपास लगातार जांच करते रहे, ताकि कहीं कोई चिंगारी या गर्म हिस्सा दोबारा आग न पकड़ ले। हादसे के बाद व्यापारियों में भारी नुकसान और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें