बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां नगर के भिलाई रोड स्थित चमारबोडी तालाब के किनारे एक लावारिस थैले में कपड़े से लिपटी हुई नवजात बच्ची मिली है। कलेजे के टुकड़े को इस तरह सुनसान जगह पर मरने के लिए छोड़ देने की इस घटना ने इलाके में हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 नवंबर की रात करीब 8 बजे की है। दुर्गा तरुण आसटकर और गीता सोनवाने नाम की दो महिलाएं जब भिलाई रोड से गुजर रही थीं, तभी उन्हें चमारबोडी तालाब के किनारे से किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। रात के अंधेरे और सन्नाटे में बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पहले तो दोनों महिलाएं सहम गईं। जब उन्होंने हिम्मत जुटाकर आवाज की दिशा में कदम बढ़ाया, तो वहां एक लावारिस थैला पड़ा हुआ दिखाई दिया।
ये भी पढ़ें- निर्मला सप्रे के दलबदल मामले में सुप्रीम कोर्ट का आदेश, विधानसभा अध्यक्ष दो महीने में लें फैसला
महिलाओं ने जब थैले को खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। थैले के भीतर कपड़े में लिपटी हुई एक नवजात बच्ची तड़प रही थी। मासूम को इस कड़ाके की ठंड में इस हाल में देखकर दोनों महिलाएं घबरा गईं और उन्होंने मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए।
स्थानीय नागरिकों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इस मामले की सूचना लांजी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नवजात बच्ची को अपनी कस्टडी में लिया। पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्ची को तुरंत लांजी के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने मुस्तैदी से बच्ची की जांच की और उसे आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर अस्पताल लाने के कारण फिलहाल बच्ची की हालत सुरक्षित और ठीक बताई जा रही है।
इस अमानवीय कृत्य को लेकर लांजी पुलिस ने अज्ञात परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा अस्पताल के आसपास और भिलाई रोड के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि मासूम को इस हाल में छोड़ने वाले बेरहम इंसान की पहचान की जा सके। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।