मोहनलालगंज। तहसील के निकट रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार शाम अचानक यूकेलिप्टस का बड़ा पेड़ भरभराकर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से बिजली की लाइन के तार टूट गए और आसपास की दुकानों पर जा गिरे और चिंगारियां फूटने लगीं। बिजली विभाग ने आनन-फानन आपूर्ति बंद कराकर बड़ा हादसा होने से बचा लिया। हादसे में बाइक सवार समेत कई लोग चोटिल हुए, जबकि कई वाहन और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। तहसील से लौट रहे समेसी निवासी रामतीर्थ शर्मा पेड़ के नीचे दबकर घायल हो गए और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर भर्ती कराया। मऊ निवासी धर्मेंद्र ठेले पर केला बेच रहे थे। पेड़ गिरता देख उन्होंने भागकर किसी तरह जान बचाई, लेकिन उनका ठेला क्षतिग्रस्त हो गया। मऊ निवासी मोटरसाइकिल मैकेनिक इशरत की गुमटी भी पेड़ के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। गुमटी के पास खड़ी एक बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं चिनहट निवासी टेंपो मैकेनिक नसरुद्दीन की झोपड़ी के नीचे चल रही दुकान को भी नुकसान पहुंचा और उनकी स्कूटी पेड़ के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि लेखपाल विवेक वर्मा की कार भी पेड़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा वहां से गुजर रहे ऑटो चालक को मामूली चोटें आईं और ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे पिकअप लोडर को भी मामूली नुकसान पहुंचा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पेड़ को हटवाकर नई जेल रोड का यातायात सुचारु कराया। दुकानदारों ने रेलवे क्रॉसिंग के आसपास खड़े अन्य जर्जर और खतरनाक पेड़ों को भी हटवाने की मांग की है।