फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video: लखनऊ में पांच फीट पानी में डूबी विशाल सिटी कालोनी, बस्ती वाले परेशान

Akash Dwivedi Updated Thu, 03 Sep 2026 05:25 PM IST

दुबग्गा के कन्हैया माधौपुर द्वितीय वार्ड स्थित विशाल सिटी कॉलोनी में बारिश के बाद हालात बेहद खराब हो गए हैं। सड़कों पर चार से पांच फीट तक पानी भरने से कॉलोनी के कई घरों में पानी घुस गया है। जलभराव के कारण बुजुर्गों और बच्चों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है, जबकि स्कूली वाहन चालकों ने पानी भरी सड़कों के चलते कॉलोनी में जाने से इनकार कर दिया है। इससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी कई वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रही है, लेकिन नगर निगम से लेकर जनप्रतिनिधियों तक की गई शिकायतों के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। बारिश होते ही सड़कें तालाब में बदल जाती हैं और लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।बृहस्पतिवार दोपहर समस्या से नाराज कॉलोनीवासियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने पक्की सड़क और जल निकासी के लिए नाले के निर्माण की मांग की। लोगों का कहना है कि कई परिवार लगातार जलभराव से परेशान होकर घरों में ताला लगाकर अस्थायी रूप से दूसरी जगह रहने को मजबूर हो गए हैं।कॉलोनी वासियों के मुताबिक, गंदे और बदबूदार पानी के कारण कीड़े-मकोड़े और सांप तक घरों में घुस रहे हैं। जलभराव से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हैं, जबकि बीमार लोगों के लिए दवा लेने या अस्पताल पहुंचना भी मुश्किल हो रहा है। विशाल सिटी निवासी मोहसिन, रिंकू, कलीम, मोहम्मद नईम, ललित, नईम, राहिल, मौलाना हैदर अब्बास रिजवी, राजा, शनि, हुसैन, मनोज, सरोज, वशी हसन, अनित कुमार और शकील समेत अन्य लोगों ने बताया कि जलभराव के कारण कई राहगीर गिरकर घायल हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि बारिश के दौरान जलभराव वाले स्थानों पर करंट उतरने का खतरा भी बना रहता है। बिजली लाइन में खराबी आने पर कर्मचारी भी पानी भरी गलियों में जाने से बचते हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रहती है और इनवर्टर जवाब देने के बाद लोगों के सामने अंधेरे में रहने की समस्या खड़ी हो जाती है।कॉलोनीवासियों ने जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें