दुबग्गा के हरदोई रोड स्थित यादव मार्केट के लखनऊ तुलसी हॉस्पिटल में बुखार से पीड़ित किशोरी के इलाज के बिल को लेकर विवाद हो गया। परिजनों ने बिल का भुगतान नहीं कर पाने पर अस्पताल प्रशासन पर किशोरी को तीन दिन से रोके रखने का आरोप लगाया है। शुक्रवार शाम पिता ने ग्रामीणों के साथ दुबग्गा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। वही किशोरी के पिता ने बताया दो बकरियां और एक भैंस बेचकर अस्पताल में बीमारी के इलाज का पैसा 90 हजार रुपए जांच और दवा का जमा किया उसके बावजूद भी डॉक्टर पूरा पैसा जमा करने की बात कह कर मरीज को जबरन अस्पताल में रुके हुए हैं। सीतापुर निवासी मजदूर मौना तीन नवंबर को करीब 13 वर्षीय बेटी को बुखार होने पर केजीएमयू लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि कुछ दलाल बेहतर इलाज का झांसा देकर उन्हें लखनऊ तुलसी हॉस्पिटल ले आए। मौना का आरोप है कि आयुष्मान कार्ड से इलाज नहीं किया गया। जांच और इलाज के लिए उन्होंने 90 हजार रुपये जमा किए। 10 नवंबर को बेटी को डिस्चार्ज करने की बात कही गई, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने करीब 1.53 लाख रुपये का बिल थमा दिया। रकम का भुगतान नहीं कर पाने पर किशोरी को तीन दिन तक अस्पताल में रोके रखने का आरोप लगाया गया। परिजनों ने करीब तीन लाख रुपये का बिल बनाए जाने की भी शिकायत की है।