होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की प्रतीक्षा सूची जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया। हाथों में पोस्टर लेकर पहुंचे अभ्यर्थी विधानसभा गेट के पास धरने पर बैठ गए और भर्ती की वेटिंग लिस्ट जारी करने की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। उनका कहना है कि दूसरी भर्तियों में चयन होने के बाद होमगार्ड भर्ती के 15 से 20 हजार पद रिक्त रहने का अनुमान है। ऐसे में प्रतीक्षा सूची जारी कर रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए, जिससे प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को अवसर मिल सके। अभ्यर्थियों ने संबंधित विभाग को भर्ती नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश देने की मांग की। उनका कहना है कि प्रतीक्षा सूची जारी होने से भर्ती प्रक्रिया में आगे चयन की संभावना बनेगी। विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को ईको गार्डन भेज दिया गया।