लखनऊ में फैजाबाद रोड स्थित अवध बस अड्डे के बाहर रोडवेज चालकों और परिचालकों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि बस अड्डे के बाहर लगा डिवाइडर हटाया जाए और रूट पर धड़ल्ले से चल रही अवैध बसों व अर्टिगा गाड़ियों के संचालन पर रोक लगाई जाए। कर्मचारियों का आरोप है कि अवैध वाहनों के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनके वेतन से पैसे काटे जा रहे हैं। मौके पर पुलिस और आरटीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। करीब ढाई घंटे से जारी इस जाम के कारण दो थानों की फोर्स मौके पर मौजूद है, लेकिन अभी तक बातचीत न होने से ऑफिस जाने वाले लोगों और बस यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।