शिक्षक दिवस के मौके पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय अमेठी उर्दू में तैनात शिक्षिका विनीता को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया। गोरखपुर में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान ये सम्मान उन्हें मिला। अमर उजाला से बातचीत में शिक्षिका विनीता ने कहा कि ये सम्मान भले ही उन्होंने अपने हाथों में ग्रहण किया है, लेकिन इसके असली हकदार बच्चे हैं। उन्होंने बताया कि सम्मान में मुख्यमंत्री के हाथों मिली राशि विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों पर खर्च की जाएगी। विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता पहले से और बेहतर करने के लिए सभी प्रकार के नवाचार किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों के प्रति समर्पित भाव से काम कर पाती हैं, इसमें उनके परिवार और पति कमलेश कुमार शर्मा का भी सहयोग है। उन्होंने अपने विभाग के सभी अधिकारियों को भी आभार जताया।