झांसी। अमर उजाला की ओर से राजकीय महिला महाविद्यालय में अपराजिता अभियान के तहत सेल्फ डिफेंस कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रशिक्षकों ने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में खुद की सुरक्षा करने के लिए आत्मरक्षा के विभिन्न तरीके बताए। प्रशिक्षकों ने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता और आत्मविश्वास के साथ परिस्थितियों का सामना करना चाहिए। उन्होंने हमलावर से बचाव के लिए विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन भी किया और छात्राओं से उनका अभ्यास कराया। इस दौरान छात्राओं ने आत्मरक्षा की तकनीकों को उत्साहपूर्वक सीखा। प्रशिक्षकों ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं के लिए आत्मरक्षा का प्रशिक्षण आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें आपात परिस्थितियों में सुरक्षित रहने में भी मदद करता है। कार्यशाला में महाविद्यालय की शिक्षिकाओं और बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता की।