अमर उजाला ब्यूरो झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के आउटसोर्स सफाई कर्मी शुक्रवार को भी हड़ताल पर रहे। दोपहर में प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कॉलेज परिसर में कार्यदायी संस्था के पुतले की शवयात्रा निकालकर नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवयात्रा निकालने से रोका तो कर्मचारियों की पुलिस से तीखी नोकझोंक हो गई। आंदोलित कर्मचारियों ने साफ कर दिया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे काम पर नहीं लौटेंगे। कर्मचारी पुतले की शवयात्रा लेकर गेट नंबर एक से कैंसर विभाग के पास होते हुए प्राचार्य कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शनकारी धरना स्थल की ओर जाने लगे। इसी दौरान नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कर्मचारियों को शवयात्रा निकालने और नारेबाजी करने से रोका। इस पर पुलिस और कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। करीब 40 मिनट तक कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। कर्मचारियों ने दोहराया कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी। मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्स के तहत करीब 750 सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। उनकी मांग है कि शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम दर के अनुसार मानदेय का भुगतान किया जाए। इसके अलावा उन्हें यूपीकॉम में समायोजित किया जाए। कर्मचारियों का आरोप है कि न्यूनतम मानदेय की मांग को लेकर वे कई बार हड़ताल कर चुके हैं। हर बार प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर काम पर लौट आते हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।