रियासी में श्री दुर्गा नाटक मंडली द्वारा जनरल जोरावर सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार शाम को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। लंका को जलाने के साथ ही रावण,कुंभकरण व मेघनाद के पुतले फूंके गए। रावण के पुतले में आग लगते ही पूरा स्टेडियम भगवान श्री राम के जयघोष से गूंज उठा। इससे पहले मंडली की तरफ से एक भव्य शोभायात्रा नगर के चौक चबूतरा से निकाली गई। मुख्य बाजार,बस अड्डा से होते हुए शोभायात्रा स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहुंची। शोभायात्रा के दौरान मंडली के सदस्यों ने खूब पटाखे चलाए व आतिशबाजी की। पूरे बाजार से ले कर के स्टेडियम तक पटाखों की आवाज गूंजती रही। सदस्यों ने रंग बिरंगे पटाखे चलाने के साथ ही जोरदार आवाज करने वाले पटाखे भी फोड़े। शोभायात्रा में श्री राम सीता लक्ष्मण हनुमान भरत शत्रुघ्न की मनमोहक झांकी भी निकाली गई। यात्रा में मंडली के सदस्यों व युवाओं ने जोरदार जयघोष लगा कर पूरा माहौल भक्तिमय बना दिया। बस अड्डे के साथ ही स्टेडियम के भीतर जोरदार आतिशबाज़ी कर पटाखे चलाए गए। दशहरा देखने के लिए पूरा स्टेडियम लोगों की भीड़ से खचाखच भरा रहा।