रियासी-पौनी सड़क मार्ग से अप्पर बाजार की ओर जाने वाले लोक निर्माण विभाग के लिंक रोड पर अधूरी नाली वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क किनारे पानी की निकासी के लिए नाली तो बना दी गई, लेकिन बीच में पुलिया का निर्माण नहीं होने से सड़क का एक हिस्सा नाली में तब्दील हो गया है। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने रोष जताते हुए लोक निर्माण विभाग को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में पुलिया का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे सड़क जाम कर प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी।