रवि किशन इन दिनों अपने एक वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे हैं। दरअसल, रवि किशन ने गोरखपुर की तुलना स्पेन से की थी। लेकिन अब भारी बारिश के बाद शहर में जलभराव की जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, उन्हें लेकर लोग बीजेपी सांसद पर निशाना साध रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनके पुराने बयान और मौजूदा हालात को जोड़कर कई तरह की प्रतिक्रियाएं दी जा रही हैं। अब इस मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी तंज कसा है। अखिलेश यादव ने गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन का जलभराव के बीच का एक वीडियो शेयर करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा।
अखिलेश ने वीडियो के साथ लिखा कि मुख्य नगरी में भाजपाई सांसद का यह विरोध-प्रदर्शन टाला भी जा सकता था, लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था की तस्वीरों को छिपाने के बजाय पानी में चलकर बाकायदा वीडियो बनाकर उसे प्रसारित किया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लगता है कि बीजेपी सांसद आखिरकार 'लखनवी चाल' समझ गए हैं।अखिलेश ने आगे लिखा कि अब बीजेपी के अंदर ही 'गोरखपुर बनाम गोरखपुर' हो गया है। उन्होंने जलभराव को लेकर रवि किशन पर निशाना साधते हुए कहा कि सबसे बड़ा सच तो यह है कि जब पानी में इनका अपना हाता डूब गया, तब इन्हें याद आया कि किसी को 'हाता नहीं भाता'।