जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। चिट्टा तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस ने बीते एक सप्ताह में 6 अलग-अलग मामले दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 87.7 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने पत्रकारवार्ता कर पुलिस की इस कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का अभियान केवल नशे की खेप बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है। पुलिस अब चिट्टे की सप्लाई के पीछे सक्रिय नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी है। एसपी के अनुसार दर्ज किए गए छह मामलों में से पांच मामलों में बरामद चिट्टे की मात्रा पांच ग्राम से अधिक है। पुलिस इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चिट्टे की खेप कहां से लाई गई और इसे ऊना में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं इन मामलों के पीछे कोई अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि नशे के कारोबार से अर्जित धन और उससे बनाई गई संपत्तियों की भी वित्तीय जांच की जाएगी। पुलिस का लक्ष्य सिर्फ नशे की खेप पकड़ना नहीं, बल्कि इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क को तोड़ना है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। एसपी ने लोगों से अपील की कि उनके आसपास यदि कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी या किसी संदिग्ध गतिविधि में संलिप्त नजर आता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही ऊना को नशा मुक्त बनाने के अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है।