वित्तीय समावेशन योजनाओं का लाभ लेने से वंचित पात्र लोगों को अब बैंकिंग, बीमा और पेंशन सेवाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इसके लिए 21 अक्तूबर से 31 दिसंबर तक विशेष सेचुरेशन अभियान चलाया जाएगा। केंद्र सरकार के वित्तीय सेवाएं विभाग की ओर से संचालित इस अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय में कम से कम एक विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ऊना इशांत जसवाल ने बताया कि अभियान के दौरान प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत नए बैंक खाते खोलने, निष्क्रिय खातों को दोबारा सक्रिय करने और केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना से पात्र नागरिकों को जोड़ने के साथ बीमा योजनाओं में आधार सीडिंग तथा बैंकिंग सेवाओं से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे।