चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंजोआ लडोली पंचायत के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात मिली है। पंचायत में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का विधिवत उद्घाटन किया गया। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ करते हुए पंचायत के ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक ने पंचायत प्रधान शशि कुमारी और उपप्रधान अनिल कुमार तक्खी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों के निरंतर सहयोग और विकास के प्रति समर्पण से क्षेत्र में जनकल्याणकारी कार्यों को गति मिल रही है। मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने बताया कि फिलहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन सोसायटी की इमारत में शुरू किया गया है। यहां से आज से ही एक डॉक्टर और एक फार्मासिस्ट अपनी सेवाएं देंगे। इससे पंजोआ लडोली सहित आसपास की पंचायतों के लोगों को घर-द्वार पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के उपचार के लिए दूर स्थित स्वास्थ्य संस्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा। विधायक ने बताया कि पीएचसी के नए भवन के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत होकर आ चुकी है। जल्द ही भवन निर्माण का कार्य पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। अंब सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर विधायक ने बताया कि सरकार बनने से पहले अस्पताल में केवल चार डॉक्टर तैनात थे, जबकि वर्तमान में 14 डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें नौ विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक ने बताया कि अंब सिविल अस्पताल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए 22 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। इस परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी है। इस बजट से अस्पताल में नया ओपीडी भवन बनाया जाएगा। इससे डॉक्टरों के बैठने और मरीजों को परामर्श देने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होगी। नए भवन से अस्पताल में ओपीडी व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। अंब सिविल अस्पताल में जल्द ही स्वास्थ्य सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा। विधायक के अनुसार अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, किडनी के मरीजों के लिए डायलिसिस और सीटी स्कैन की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि इन कार्यों की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। आगामी 15 से 20 दिनों के भीतर निर्माण कार्य धरातल पर शुरू होने की उम्मीद है। इन सुविधाओं के शुरू होने से अंब और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उपचार के लिए दूसरे बड़े अस्पतालों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी। इस अवसर पर एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र शर्मा, ग्राम पंचायत प्रधान शशि कुमारी, बीएमओ डॉ. राहुल कतना, एडवोकेट विकास कश्यप, जल शक्ति विभाग के एक्सईएन रविन्द्र कुमार, नायब तहसीलदार संजीव कुमार और बीडीओ ओमपाल डोगरा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।