श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के निमंत्रण अभियान की शुरुआत शनिवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार से की गई। श्री बांके बिहारी सेवा मंडल वेलफेयर कमेटी, होशियारपुर के सदस्यों ने मां चिंतपूर्णी मंदिर पहुंचकर माता रानी के चरणों में कथा का निमंत्रण अर्पित किया। इस दौरान सभी सदस्यों ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ माथा टेका तथा धार्मिक आयोजन के निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की। इस अवसर पर पुजारी विनोद कालिया ने मंडल के सदस्यों को विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। सदस्यों ने माता रानी से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से कथा का आयोजन सफल हो और अधिक से अधिक श्रद्धालु इसमें शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का श्रवण कर सकें। श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन 23 से 29 नवंबर 2026 तक होशियारपुर के दशहरा ग्राउंड में किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में श्रीधाम वृंदावन से श्रद्धेय आचार्य गौरव कृष्ण गोस्वामी जी अपनी अमृतमयी वाणी से श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान करवाएंगे। आयोजन को लेकर श्री बांके बिहारी सेवा मंडल के सदस्यों ने श्रद्धालुओं तक निमंत्रण पहुंचाने का अभियान शुरू कर दिया है। मां चिंतपूर्णी के दरबार में निमंत्रण अर्पित करना इसी अभियान का पहला चरण रहा। मंडल के सदस्यों ने कहा कि श्रीमद् भागवत महापुराण कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक विचारों से जोड़ने का पवित्र माध्यम है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश मिलेगा। उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे 23 से 29 नवंबर तक दशहरा ग्राउंड, होशियारपुर में परिवार सहित पहुंचें और आचार्य गौरव कृष्ण गोस्वामी जी के श्रीमुख से भागवत कथा का श्रवण कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करें।