हिमाचल प्रदेश में तलवारबाजी यानी फेंसिंग को खेल कोटे में शामिल करने के सरकार के निर्णय से राज्य के फेंसिंग खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों के रास्ते खुल गए हैं। प्रदेश फेंसिंग ऐसोसिएशन के महासचिव अतुल ठाकुर ने खेल कोटे में फेंसिंग को शामिल किए जाने और संशोधित खेल नीति के तहत राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं के लिए भारी नकद पुरस्कारों का प्रावधान करने पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और राज्य सरकार की सराहना की। अतुल ठाकुर ने कहा कि 31 अक्तूबर को शिमला में आयोजित हिम रत्न-2026 समारोह में प्रदेश सरकार ने 419 खिलाड़ियों को कुल 17.85 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि वितरित की है। इसमें 51 अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 13.55 करोड़ रुपये और 368 राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को 4.30 करोड़ रुपये दिए गए हैं। अकेले ऊना जिले के 19 खिलाड़ियों को लगभग 17 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं वॉलीबॉल और फेंसिंग के राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे हैं, लेकिन जीवन में पहली बार किसी सरकार को इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों को इतनी अधिक नकद पुरस्कार राशि देते देखा है। सरकार की इन नीतियों के चलते युवा अब मोबाइल छोड़कर खेल मैदानों की ओर लौट रहे हैं।