फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊना आईटीआई में एयर रेड और ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल, 550 विद्यार्थियों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास

हवाई हमले और ब्लैकआउट जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ऊना में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से करवाए गए इस अभ्यास में विभिन्न विभागों की टीमों ने बचाव और राहत कार्यों का अभ्यास किया। मॉक ड्रिल के तहत आईटीआई परिसर में हवाई हमले के बाद विस्फोट होने और भवन में विद्यार्थियों व कर्मचारियों के फंसे होने का परिदृश्य तैयार किया गया। घटना की सूचना मिलने पर जिला आपदा नियंत्रण कक्ष ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को अलर्ट किया। इसके बाद पुलिस, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। अभ्यास के दौरान परिसर में फंसे 550 विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया अपनाई गई। इसके साथ ही 10 घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने का अभ्यास भी किया गया। इसमें एक विद्यार्थी को मृत घोषित करने, चार घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर करने, चार को मौके पर उपचार देने और एक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी देने की प्रक्रिया शामिल रही। रेस्क्यू ऑपरेशन के संचालन के लिए आईटीआई परिसर में स्टेजिंग एरिया बनाया गया। इंसीडेंट कमांडर एवं तहसीलदार ऊना शिखा राणा की अध्यक्षता में बचाव अभियान चलाया गया। इसमें होमगार्ड, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, राजस्व, लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड और एनसीसी सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने भाग लिया। तहसीलदार ऊना शिखा राणा ने बताया कि मॉक ड्रिल के माध्यम से आपात स्थिति में सूचना तंत्र, विभागों के बीच समन्वय, घायलों को उपचार उपलब्ध करवाने और लोगों की सुरक्षित निकासी की व्यवस्थाओं को परखा गया। ऐसे अभ्यास से विभागों की तैयारियों का आकलन करने के साथ आपसी तालमेल भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास से आईटीआई के विद्यार्थियों को भी हवाई हमले और ब्लैकआउट जैसी परिस्थितियों में सतर्क रहने तथा सुरक्षित बचाव के उपायों की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें