सोलन के शामती बाईपास पर उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया, जब एक चलती कार पर अचानक पहाड़ी से बड़ा पत्थर आ गिरा। गनीमत रही कि पत्थर कार की ड्राइवर साइड पर नहीं गिरा, अन्यथा हादसा और भी गंभीर हो सकता था। जानकारी के अनुसार कार चालक अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने घर शामती की ओर जा रहा था। जैसे ही वह शामती बाईपास पर कुछ दूरी तक पहुंचा, उसी दौरान अचानक एक बड़ा पत्थर पहाड़ी से लुढ़ककर कार की कंडक्टर साइड पर आ गिरा। पत्थर गिरने से कार को नुकसान पहुंचा और चालक को भी चोटें आई हैं। हादसे के समय कार की कंडक्टर सीट पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। यदि उस समय वहां कोई सवार बैठा होता तो उसकी जान पर भी बन सकती थी। अचानक हुए इस हादसे से चालक भी सहम गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले में आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई। शामती बाईपास पर पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना ने एक बार फिर सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।