बीती रात अति संवेदनशील डगशाई छावनी क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के देखे जाने से हड़कंप मच गया। इन अज्ञात लोगों ने एक खाली पड़े घर में सेंधमारी का प्रयास किया, जिससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, डगशाई निवासी जगदीश का खाली पड़ा घर निशाना बनाया गया। संदिग्धों ने घर में घुसकर कपड़ों का एक ट्रंक खोला और कपड़े बिखेर दिए। हालांकि, उन्हें कोई कीमती सामान नहीं मिला और वे बिना कुछ चुराए ही भाग निकले। डगशाई एक महत्वपूर्ण सैन्य छावनी है। ऐसे में रात के अंधेरे में अनजान लोगों की बेखौफ चहलकदमी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन, रमेश शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है। सामने आई सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस स्टेशन को दें।