ठोडो मैदान सोलन में आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हमीरपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान सोलन को 4-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में हमीरपुर के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम ने बेहतरीन तालमेल और मजबूत रणनीति के दम पर सोलन पर दबाव बनाए रखा। पूरे मुकाबले में हमीरपुर की टीम का प्रदर्शन प्रभावी रहा और उसने चार गोल दागकर खिताब पर कब्जा कर लिया। स्वास्थ्य मंत्री ने किया खिलाड़ियों को सम्मानित प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने की। उन्होंने विजेता और मेधावी टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने सोलन फुटबॉल एसोसिएशन को अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डॉ. शांडिल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से बच्चों और युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। खेल युवाओं को कठिन परिस्थितियों का सामना करने और संघर्ष करते हुए आगे बढ़ने का जज्बा भी देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी युवाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उच्च स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।