धनतेरस के पर्व पर सोलन शहर के बाजारों में रौनक देखने को मिली। मालरोड, लोअर बाजार, गंज बाजार सहित शहर के अन्य बाजारों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। खासकर ज्वेलरी और बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ रही। कई दुकानों में इतनी भीड़ उमड़ी कि बैठने तक की जगह नहीं बची। शहर के सबसे व्यस्त लोअर बाजार में भी लोगों की आवाजाही इतनी अधिक रही कि भीड़ देखकर कई लोग वहां जाने से भी कतरा रहे थे। बाजारों में खरीदारी के उत्साह से कारोबारियों के चेहरे खिल उठे। सर्राफा कारोबारी और भूषण ज्वेलर के मालिक विनय गुप्ता ने बताया कि इस बार धनतेरस पर सोने की टेंपल ज्वेलरी, एंटीक ज्वेलरी और जड़ाऊ ज्वेलरी की अधिक खरीदारी हो रही है। उन्होंने बताया कि ग्राहकों में इन डिजाइनों को लेकर खासा रुझान देखने को मिल रहा है। बर्तन कारोबारी नितिन सूद ने बताया कि इस बार बाजार में काफी भीड़ है। ग्राहक स्टील, पीतल, कांसे और तांबे सहित सभी तरह के बर्तनों की खरीदारी कर रहे हैं। धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़ और दुकानों में ग्राहकों की आवाजाही से कारोबारियों में उत्साह है।