बद्दी के बिलांवली गांव में शामलात भूमि पर गौशाला निर्माण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गांव के युवाओं ने खाली पड़ी सामलात भूमि पर गौशाला बनाने के लिए दस्तावेज तैयार कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। लेकिन निर्माण स्थल पर पहुंचने पर विवाद उत्पन्न हो गया। दरअसल, सामलात भूमि के पास एक दरगाह स्थित है, जिसकी देखरेख विशेष समुदाय के लोग करते हैं। उन्होंने गौशाला निर्माण का विरोध किया और इसे लेकर आपत्ति जताई। दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ने से मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर उपस्थित लोगों के बयान दर्ज किए हैं, लेकिन फिलहाल इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। गांव के युवाओं का कहना है कि बद्दी क्षेत्र में सड़कों पर गायों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो आए दिन सड़क हादसों का कारण बनती हैं। इन गायों के लिए गौशाला का निर्माण करना आवश्यक है। इसके लिए युवाओं ने सभी कानूनी दस्तावेज तैयार किए और सामलात भूमि पर निर्माण कार्य शुरू किया। युवाओं का आरोप है कि दरगाह की देखरेख करने वाले लोग इस कार्य में सहयोग देने के बजाय अवरोध पैदा कर रहे हैं। युवाओं ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कब्जा हटाकर गौशाला निर्माण कार्य को पूरा करने दिया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला का निर्माण एक पुण्य कार्य है और इसे सबका समर्थन मिलना चाहिए। लेकिन विवाद के चलते इस कार्य में बाधा आ रही है। युवाओं ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान निकालने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। एएसपी अशोक वर्मा ने इसकी पुष्टि की है।