फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर: दूसरे नवरात्र पर त्रिलोकपुर मंदिर में उमड़े श्रद्धालु

कालाअब। अश्विन शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को सिरमौर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। महामाया माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। त्रिलोकपुर मंदिर में सोमवार को करीब 4900 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। इस दौरान भक्तों ने माता के चरणों में 13,87,260 रुपये का चढ़ावा अर्पित किया। मंदिर में सिरमौर के अलावा पड़ोसी राज्यों हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तराखंड से भी श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए इंतजाम किए गए हैं। भक्तों के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई है। जिला मुख्यालय नाहन स्थित कालीस्थान मंदिर में भी दूसरे नवरात्र पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। वहीं, रेणुकाजी के मंदिरों में भी भक्तों की आवाजाही बनी रही। धार्मिक एवं पर्यटन स्थल माता भंगायणी मंदिर में भी दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे और देवी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। त्रिलोकपुर मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है। मेले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष कक्ष स्थापित किया गया है, ताकि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें