नाहन (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर मंगलवार को थाना कसोगा क्रिकेट ग्राउंड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेरा युवा भारत, नाहन के सौजन्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में ग्रामीण विकास नवयुवक मंडल, थाना कसोगा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगों को आपदा प्रबंधन और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अग्निशमन कर्मी मुकेश शर्मा और कंवर सिंह ने लोगों को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित बचाव के तरीकों और आपातकालीन परिस्थितियों में सतर्कता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने घरेलू आग, गैस सिलेंडर और बिजली के उपकरणों से जुड़े सुरक्षा उपायों के बारे में भी विस्तार से बताया। मॉक ड्रिल के जरिए लोगों को व्यावहारिक रूप से समझाया गया कि आपदा के समय किस तरह स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। कार्यक्रम में करीब 87 लोगों ने भाग लिया। ग्राम पंचायत थाना कसोगा की प्रधान श्यामा ठाकुर, उपप्रधान जेपी ठाकुर और पंचायत के सभी सात वार्डों के सदस्य भी मौजूद रहे। अग्निशमन कर्मी मुकेश शर्मा मुख्य अतिथि, जबकि कंवर सिंह, जेपी ठाकुर और पंचायत के पूर्व प्रधान सेवानंद शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि आपदा के समय जागरूकता, सतर्कता और सामुदायिक सहयोग से जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से सुरक्षा संबंधी जानकारी परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीण विकास नवयुवक मंडल के अध्यक्ष तनीष शर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर मंडल के उपाध्यक्ष दुर्गेश शर्मा, कोषाध्यक्ष योगराज शर्मा, सचिव लक्ष्य सहित कपिल शर्मा, विमल, विनय, पवन, अनिल, राकेश, सुरेश, ललित, नीरज, धीरज, अभिनव, सार्थक, नयन, फूल चंद, यशपाल, सतीश और रामपाल उपस्थित रहे।