नाहन-कौलांवालाभूड़ वाया सैनवाला सड़क पर गुलरिया ढांग में हो रहे भूस्खलन ने क्षेत्र के हजारों लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण सड़क पर आवाजाही प्रभावित हो रही है। चिंता की बात यह है कि अब बिना बारिश के भी पहाड़ी बड़े स्तर पर दरक रही है। इस मार्ग से कौलांवालाभूड़ सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग रोजाना सफर करते हैं। औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कई कर्मचारी भी नौकरी पर आने-जाने के लिए इसी सड़क पर निर्भर हैं। सड़क बाधित होने से लोगों को समय और संसाधनों का नुकसान उठाना पड़ रहा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से गुलरिया ढांग में पुल का निर्माण करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यहां बार-बार होने वाले भूस्खलन से स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। बिंदल के अनुसार, बरसात के दौरान इस स्थान पर लगातार भूस्खलन होता रहा है। अब बिना बारिश के पहाड़ी का दरकना भी चिंता का विषय है। सड़क पर गिरता मलबा यातायात बाधित करने के साथ यहां से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा कर सकता है। डॉ. बिंदल ने कहा कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय सरकार और प्रशासन को समय रहते ठोस कदम उठाने चाहिए। उनके मुताबिक, बार-बार मलबा हटाकर सड़क बहाल करना इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने मांग की कि गुलरिया ढांग के संवेदनशील हिस्से में पुल निर्माण करवाकर सड़क को सुरक्षित बनाने की दिशा में काम किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बार-बार होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।