धनतेरस को लेकर नाहन के बाजारों में तैयारियां तेज हो गई हैं। त्योहार के मद्देनजर दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक तरीके से सजा दिया है। पिछले कई दिनों से ग्राहकों की राह देख रहे कारोबारियों को अब धनतेरस पर अच्छी खरीदारी होने की उम्मीद है। धनतेरस पर सोना, चांदी और नए बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते सराफा और बर्तन कारोबारियों को अच्छे कारोबार की आस है। बाजार में आभूषणों और विभिन्न प्रकार के बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए खास तैयारियां की गई हैं। वहीं, दीपावली को लेकर बाजार में सजावटी सामान की भी भरमार है। रंग-बिरंगी झालरों, सजावटी वस्तुओं और मिट्टी के बर्तनों से दुकानें सज गई हैं। त्योहार को देखते हुए दुकानदारों ने ग्राहकों की पसंद के अनुसार सामान उपलब्ध करवाया है। कारोबारियों को उम्मीद है कि धनतेरस के दिन बाजार में ग्राहकों की अच्छी भीड़ उमड़ेगी। इससे पिछले दिनों की सुस्त खरीदारी के बाद व्यापार को गति मिलेगी। अब दुकानदारों की निगाहें त्योहार के दिन होने वाली खरीदारी पर टिकी हैं।