भारतीय रिजर्व बैंक शिमला के तत्वावधान में यूको बैंक की ओर से मंगलवार को अरावली नाहन संगठन के सहयोग से रामपुर ब्लॉक की शिंगला पंचायत में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को डिजिटल भुगतान के सुरक्षित इस्तेमाल और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना और लोगों को बैंकिंग सुविधाओं तथा सरकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। शिविर में क्षेत्रीय निदेशक पीएस खुआल बतौर मुख्यातिथि, डीजीएम जसविंदर सिंह औजला, प्रबंधक तरुण चौधरी और एलडीएम परदुमन सोनी विशेष अतिथि उपस्थित रहे। मुख्यातिथि ने डिजिटल लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने के साथ बैंक खातों की री-केवाईसी करवाने के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंकिंग सेवाओं को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए समय पर री केवाईसी करवाना जरूरी है। इसके लिए आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने ओटीपी, एटीएम पिन और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। इस मौके पर पंचायत सचिव देवेंद्र चौहान, शिंगला पंचायत प्रधान केशव राम और उप प्रधान रोनित गौतम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।