नंबरदार जन कल्याण महासंघ हिमाचल प्रदेश की रामपुर इकाई ने नंबरदारों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर सोमवार को तहसीलदार योगेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने जिला शिमला के सभी उपमंडलों में नंबरदारों और राजस्व अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने की मांग भी उठाई है, ताकि नंबरदारों से जुड़े मामलों का समाधान किया जा सके। रामपुर पंहुचे महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष भीम सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में करीब 3750 नंबरदार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सरकार की ओर से नंबरदारों को 5 हजार रुपये मासिक मानदेय प्रदान किया जा रहा है। हाल ही में मानदेय में वृद्धि किए जाने पर महासंघ ने प्रदेश सरकार का आभार भी जताया। वहीं बैठक में रामपुर नंबरदार यूनियन की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। इसमें राजेंद्र कुमार को अध्यक्ष की कमान सौंपी गई। योगराज और जिया लाल शर्मा को उपाध्यक्ष, भारत भूषण मेहता को महासचिव, महेंद्र भंडारी को सलाहकार और दुर्गा सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया। महासंघ ने तहसीलदार के माध्यम से एसडीएम रामपुर से मांगों पर उचित कार्रवाई करने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की अपील की है।