फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामपुर कॉलेज में राष्ट्रीय छात्र सम्मेलन शुरू, देशभर से पहुंचे 12 विशेषज्ञ; हिमालयी पर्यावरण पर होगा मंथन

जीबी पंत मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय रामपुर में मंगलवार को दो दिवसीय राष्ट्रीय छात्र सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। 18 नवंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सम्मेलन का मुख्य विषय हिमालयी क्षेत्रों के प्राकृतिक परिदृश्य, पारिस्थितिकी, जैव विविधता और स्थानीय समुदायों के लिए अंतरविषयक शोध रखा गया है। इसमें हिमालय की प्राकृतिक संपदा, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की जा रही है। सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों को बायोएकॉस्टिक्स, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण और शोध के माध्यम से पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों को समझने तथा उनके समाधान तलाशने पर जोर दिया गया। इस सम्मेलन का आयोजन रामपुर महाविद्यालय और सारयान विज्ञान फाउंडेशन की ओर से संयुक्त रूप से किया जा रहा है। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे 12 विशेषज्ञ मुख्य वक्ताओं के रूप में भाग ले रहे हैं। सम्मेलन के माध्यम से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अपने शोध कार्य प्रस्तुत करने और विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों के साथ विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिल रहा है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया ने कहा कि आमतौर पर इस तरह के सम्मेलन शिक्षकों और वरिष्ठ विशेषज्ञों के लिए आयोजित किए जाते हैं, लेकिन यह आयोजन विशेष रूप से विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में शोध के प्रति रुचि विकसित करने और उन्हें नए वैज्ञानिक विषयों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सम्मेलन से युवाओं को अकादमिक और वैज्ञानिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें