राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डीम में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। समारोह में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव उपेंद्र कांत मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। समारोह के दौरान शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर अभिभावकों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने खुशी जाहिर करते हुए उनकी सराहना की। मुख्य अतिथि उपेंद्र कांत मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता प्राप्त करने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य रवि शर्मा ने विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों और एसएमसी सदस्यों का समारोह में पहुंचने पर आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में लता डोगरा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत कोट के प्रधान कांत कृष्ण, ग्राम पंचायत कोटी के प्रधान गुरदेव सिंह, समाजसेवी श्याम डोगरा, पंकज शर्मा, प्रवीन शर्मा, मुकेश शर्मा, तिलक राज शर्मा और लोचन वर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। समारोह में विद्यालय परिवार के सदस्य दलीप शर्मा, मदन लाल, धर्म दास, सुरेंद्र डोगरा, कुलदीप सिंह, लता डोगरा, रेनू, हरनाम सिंह, मान सिंह, धर्म पॉल, बबीता ठाकुर, चुनी लाल, ब्रिज लाल, ज्वाला देवी, उत्तम सिंह, साक्षी, विजय लक्ष्मी, सुषमा देवी, चिमना देवी, कृष्ण डोगरा और मनसा राम सहित एसएमसी सदस्य एवं बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।