हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले को झकझोर देने वाले सिया हत्याकांड में पीड़ित परिवार को एक बार फिर न्याय के लिए इंतजार करना पड़ेगा। मामले में दोषी करार दिए गए विकास पटियाल की सजा पर 13 नवंबर को फैसला आने की उम्मीद थी, लेकिन अदालत ने सुनवाई की तारीख आगे बढ़ाकर 27 नवंबर तय कर दी है। सजा के फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रहा परिवार तारीख आगे बढ़ने की सूचना मिलते ही भावुक हो गया। पिछले सात महीनों से इंसाफ की आस लगाए बैठी सिया की मां रक्षा देवी अपनी बेटी को याद कर फफक पड़ीं। परिवार का कहना है कि जब आरोपी को दोषी करार दिया जा चुका है तो सजा सुनाने में इतनी देरी नहीं होनी चाहिए। गौरतलब है कि 6 नवंबर को अदालत ने विकास पटियाल को सिया हत्याकांड में दोषी करार दिया था। इसके बाद परिवार को उम्मीद थी कि 13 नवंबर को सजा का ऐलान हो जाएगा। अब परिजनों को 27 नवंबर तक इंतजार करना होगा। सिया की मां रक्षा देवी ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी फूल जैसी बेटी की हत्या करने वाले दोषी को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि दोषी को ऐसी सजा मिले, जिससे भविष्य में कोई भी किसी दूसरी बेटी के साथ ऐसा अपराध करने की हिम्मत न करे। परिवार का कहना है कि उन्हें उम्रकैद नहीं, बल्कि फांसी की सजा से ही न्याय मिलेगा। सिया की चाची कुशुम लता ने बताया कि परिवार के सदस्य सुबह से ही फोन देख रहे थे, ताकि अदालत के फैसले की जानकारी मिल सके। उन्हें उम्मीद थी कि 13 नवंबर को सजा का ऐलान हो जाएगा, लेकिन तारीख आगे बढ़ने से उन्हें काफी निराशा हुई। उन्होंने कहा कि जब दोषी करार दिया जा चुका है तो सजा सुनाने में इतना समय क्यों लग रहा है। सिया की दादी रंजना देवी ने भी दोषी को फांसी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि उन्होंने दोषी को अपनी आंखों से यहां घूमते-फिरते देखा है। परिवार का दर्द बयां करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पोती के हत्यारे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। डर के साये में जी रहा परिवार, बच्चों को अकेले स्कूल भेजना भी मुश्किल सिया के परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। हालात ऐसे हैं कि बच्चों को अकेले स्कूल भेजना भी मुश्किल हो गया है। परिवार को अब 27 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई से उम्मीद है। परिजन चाहते हैं कि अदालत जल्द सजा सुनाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।