वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी की ओर से शनिवार को पड्डल मैदान में क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ कॉलेज प्राचार्य संजीव कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। 10 किलोमीटर की इस दौड़ में महाविद्यालय के 47 विद्यार्थियों और 10 छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दौड़ लगाई। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को कॉलेज प्राचार्य संजीव कुमार ने मेडल देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर पहले दस प्रतिभागियों का चयन किया गया है। चयनित प्रतिभागियों के लिए इंटर कॉलेज प्रतियोगिता शुरू होने से 10 दिन पहले प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। शिविर के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा, जिसके आधार पर छह छात्रों और छह छात्राओं का चयन इंटर कॉलेज प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी इंटर कॉलेज प्रतियोगिता में मंडी कॉलेज का प्रतिनिधित्व करेंगे। विभागाध्यक्ष डॉ. अंजु पाठक ने बताया कि लड़कों की क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में बीए तृतीय वर्ष के शशि ठाकुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। बीए तृतीय वर्ष के खेमराज दूसरे और बीकॉम प्रथम वर्ष के गौरव तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, छात्राओं की श्रेणी में बीए प्रथम वर्ष की रवीना कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए द्वितीय वर्ष की पल्लवी ने दूसरा तथा इसी कक्षा की भूमिका ने तीसरा स्थान हासिल किया।