भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज जम्वाल ने विधानसभा में ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मांग की है कि मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए और उन्हें तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। पंकज जम्वाल ने कहा कि विधानसभा जैसे महत्वपूर्ण सदन में भारतीय सेना के शौर्य पर सवाल उठाना सेना और हिमाचल के सैनिक परिवारों का अपमान है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर अपनी सैन्य क्षमता का प्रदर्शन किया था। जम्वाल ने आरोप लगाया कि मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से भारत के छक्के छूटने जैसी टिप्पणी करना सेना के पराक्रम पर सवाल खड़े करने जैसा है। इससे पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिवारों और देश की रक्षा में तैनात जवानों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इस मामले में सरकार को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। मुख्यमंत्री की चुप्पी को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए और मंत्री से सार्वजनिक माफी मंगवाने की मांग दोहराई। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि यदि मंत्री ने माफी नहीं मांगी और सरकार ने कार्रवाई नहीं की तो भाजपा पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।